पत्नी से विवाद पर पति ने जान दी
बलिया शहर के अमृतपाली गांव में पत्नी से हुए विवाद के बाद पति प्रदीप ठाकुर 38 वर्ष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम को भेजवाया।
सदर कोतवाली के अमृतपाली निवासी प्रदीप ठाकुर 38 वर्ष रविवार शाम नशे में धुत होकर घर पहुंचे तो किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा हो गया। कुछ देर बात छत स्थित अपने कमरे में चला गया। परिजनों ने सोचा कि सो गए होगे। प्रदीप कमरे में फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद पत्नी खाने के लिए जगाने पहुंची तो कमरे में फंदे पर लटकता देख चिल्लाने लगी। परिवार व आसपास के लोग पहुंचे।
उन्होंने शव को फंदे से नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रदीप की मौत से उसकी पत्नी और दो मासूम बच्चों सहित अन्य सदस्यों का रो- रोकर बुरा हाल है। इस बाबत कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि शराब को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गुड़गांव में सड़क हादसे में इटही निवासी की मौत
हरियाणा के गुड़गांव में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम इटही निवासी 48 वर्षीय धीरेन्द्र यादव की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद सोमवार को जब उनका शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। शव देखते ही परिवार के सदस्य दहाड़े मारकर रोने लगे। मौके पर मौजूद शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
ग्राम इटही निवासी धीरेन्द्र यादव गुड़गांव में एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बीते 26 दिसंबर को ड्यूटी समाप्त होने के बाद रात करीब 8:30 बजे वह साइकिल से अपने आवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह डिवाइडर से जा टकराए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अगले दिन सुबह उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक धीरेन्द्र यादव, शिवजन्म यादव (सेवानिवृत्त सैनिक) के पुत्र थे। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई विरेन्द्र यादव और छोटे भाई देवेन्द्र यादव हैं। मृतक अपने पीछे दो संतानों को छोड़ गए हैं, जिनमें 21 वर्षीय पुत्री और 19 वर्षीय पुत्र शामिल हैं।
शव गांव पहुंचते ही शोकग्रस्त परिजनों को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक जुट गए। इस दौरान प्रबंधक चन्द्रजीत प्रसाद प्रजापति, सपा नेता चन्द्रमा यादव, लालबाबू यादव, सूरज राय, दीपक राय, सुजीत यादव, धर्मेन्द्र यादव, राकेश यादव सहित अन्य लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया। गांव में घटना को लेकर गमगीन माहौल बना हुआ है।