बांसडीह। भोजछपरा गांव निवासी फूलचंद कुमार प्रसाद (22) की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब फूलचंद अपने साथी की मोटरसाइकिल से बांसडीह तहसील मुख्यालय जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बांसडीह तहसील गेट के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल चला रहे राजकुमार ने घायल को बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान फूलचंद की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भाग गया।