नगर के रोडवेज बस स्टेशन के समीप धूप से बचाव के लिए चेहरा ढककर अपने गंतव्य को जाती युवतियां।संवा
बलिया। जिले में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। एक सप्ताह बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इससे धरती तपने लगी है और लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी से लोग बेहाल दिखाई दिए।
मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। सुबह से ही तीखी धूप शुरू हो गई। आठ बजे तक घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज होती गई। दोपहर में लू का असर भी बना रहा। भीषण गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। सड़क व बाजारों में भीड़ कम दिख रही है। लोगों ने घरों में रहने को प्राथमिकता दी। इससे बिजली की खपत भी बढ़ गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम 31 डिग्री दर्ज किया गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान 38.5 व न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तीन दिनों से तापमान में लगातार दो डिग्री की वृद्धि हो रही है। मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
गर्मी से बचाव के उपाय
गर्मी से बचने के लिए हल्के और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलने से पहले सिर ढकें और पानी पीकर निकलें। ताजे फल और सब्जियों का सेवन करें। शरीर को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। शाम के समय ही बाहर निकलें।