बलिया। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे बलिया से प्रयागराज रामबाग के बीच अनारक्षित परीक्षा विशेष ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 05153 बलिया-प्रयागराज रामबाग परीक्षा विशेष 24, 29 और 31 अक्तूबर को संचालित होगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05154 प्रयागराज रामबाग-बलिया परीक्षा विशेष 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को चलेगी। इससे परीक्षा देने प्रयागराज जाने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि बलिया से ट्रेन रात 7:30 बजे रवाना होगी। यह यूसुफपुर, गाजीपुर सिटी, औड़िहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस और ज्ञानपुर रोड होते हुए अगले दिन रात 12:40 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन प्रयागराज रामबाग से शाम 6:30 बजे रवाना होगी। ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी जंक्शन, वाराणसी सिटी, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और यूसुफपुर होते हुए अगले दिन रात 1:15 बजे बलिया पहुंचेगी।