पानी पीते समय खांसी और हिचकी आने से मासूम को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजनों ने पहले अपने गांव में ही चिकित्सक को दिखाया। आक्सीजन उपलब्ध नहीं होने के कारण कोटवा नारायणपुर से बक्सर जाने के लिए निकले। एनएच-31 पर जाम के कारण नाव से बक्सर सदर अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से गांव वाले स्तब्ध हैं।गाजीपुर जिले के भांवरकोल थानाक्षेत्र के कनुआन गांव निवासी सूरज राजभर का तीन वर्षीय पुत्र सावन कुमार शनिवार शाम को गिलास से पानी पी रहा था। अचानक खांसी आ गई फिर उसे हिचकी आने लगी।
सावन को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कनुआन में आक्सीजन उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजन आनन-फानन में बक्सर जाने के लिए घर से निकले। जब कोटवा नारायणपुर पहुंचे तो एनएच-31 पर जाम था। फिर गंगा तट पहुंच कर नाव से सावन को लेकर बक्सर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां आरती का रोते रोते बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि समय से इलाज मिल गया होता तो मासूम सावन बच सकता था। जाम के कारण गंभीर मरीजों को कही बाहर ले जाना आसान नहीं है।