चौकियामोड़। बेल्थरारोड नगर से शुक्रवार की देर शाम दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे उभांव थाना क्षेत्र के अवाया गांव निवासी दुकानदार अशोक जायसवाल (40) को शुक्रवार की रात रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उधर से अपनी दुकान को बंद करके घर लौट रहे उनके भतीजे ने उन्हें रास्ते में अचेतावस्था में पाया। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी सीयर पहुंचाया। चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजनों वाराणसी के ट्रामा सेंटर में ले गए हैं। स्थिति नाजुक है।
घायल दुकानदार की पत्नी साधना देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ जनवरी की रात पौने नौ बजे पति अशोक दुकान बंद करके अवाया बिठुआ नहर मार्ग से घर आ रहे थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के मनबढ़ किस्म के युवकों ने जान मारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मृत समझकर मौके से भाग निकले। सूचना के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी प्राप्त की। इस बाबत एसएचओ संजय शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।