बलिया। नरही थाने में आयोजित समाधान दिवस पर चार मामले आए। इसमें से एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान सरयां गांव निवासी विनय राय ने कहा कि मैं दो साल से अपनी सात डिसमिल जमीन के लिए परेशान हूं। यहां तक डीएम को आत्मदाह की सूचना दे चुका हूं। लेकिन मेरे जमीन की पैमाइश नहीं हो पा रही है।
इसी तरह से दुलारपुर के गंगासागर ने बताया कि विपक्षी ने उनकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया है। पुलिस से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि चार मामले आए। जिसमें से किसी का निस्तारण नहीं किया जा सका।
जिले में शनिवार को 22 थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। 71 मामले आए, 22 मामलों का निस्तारण किया गया। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार व एसपी ओमवीर सिंह ने सदर कोतवाली में जनशिकायतें सुनीं।
डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा एवं कोतवाल योगेन्द्र बहादुर सिंह को राजस्व से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर के निर्देश दिए। चिलकहर : गड़वार थाना में समाधान दिवस में सात मामले आए जिसमें पुलिस ने पांच मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया वहीं दो मामले के लिए राजस्व टीम को पुलिस के साथ रवाना कर दिया।
इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद, नीरज वर्मा सहित राजस्व टीम शामिल रही।
नगरा : नायब तहसीलदार राजेश यादव की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। जिसमें चार मामले आए जिनमें एक मामले का निस्तारण किया गया। बाकी तीन मामलों के निस्तारण के लिए सम्बंधित अधिकारियों की टीम गठित कर मामलों में रिपोर्ट देन को कहा गया। इस मौके पर थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक, एसआई राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।
चितबड़ागांव : प्रभारी थानाध्यक्ष राम सकल यादव और कानूनगो संजय यादव दोपहर बाद तक बैठे रहे, सिर्फ एक मामला आया। जिसे आशापुर गांव के क्षेत्रीय लेखपाल को सौंप कर जल्द निस्तारण को निर्देश दिया। इस मौके पर लेखपाल रंजीत सिंह, सुधीर पाण्डेय, आयुषी तिवारी, लल्लन यादव सहित उप निरीक्षक मंयक कुमार आदि मौजूद रहे।