इंदरपुर। आकांक्षी नगर योजना के तहत नगर पंचायत की ओर से नगरा में करीब 1.39 करोड़ रुपये की परियोजना से डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। लाइब्रेरी को वाईफाई, कंप्यूटर और लाइट से सुसज्जित किया जाएगा। इसका लाभ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ आम लोगों को भी मिलेगा। डिजिटल लाइब्रेरी में एक बार में 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर भी लगाए जाएंगे। पूरे परिसर को वाईफाई से लैस किया जाएगा। लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतियोगी पुस्तकों की व्यवस्था की जाएगी। किताबें पढ़ने के लिए अलग-अलग डेस्क बोर्ड और बुक शैल्फ बनेगें। लाइब्रेरी को बनाने के लिए नगर पंचायत चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी की ओर से रुपरेखा तैयार कर ली गई है। जल्द ही इसका टेंडर पास होने के बाद निर्माण कार्य शुरु कराया जाएगा। इस डिजिटल लाइब्रेरी में कई कक्ष बनाए जाएंगे।
स्मार्ट क्लास से विद्यार्थी बनेंगे स्मार्ट : आकांक्षी योजना के तहत नगर पंचायत नगरा क्षेत्र के आठ विद्यालयों के आठ कक्षों को स्मार्ट क्लास बनाया जाएगा। इसमें प्रोजेक्टर, एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी और फर्नीचर भी लगाया जाएगा। ताकि परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस आधुनिकता के दौर में स्मार्ट क्लास में पढ़कर स्मार्ट बन सकें। नगर क्षेत्र के आठ विद्यालयों में 20.04 लाख से स्मार्ट क्लास बनाए जाएंगे। प्राथमिक विद्यालय ब्राम्हणपुरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय चचयां, प्राथमिक विद्यालय चचयां, कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय नगरा नंबर दो, प्राथमिक विद्यालय भंडारी, प्राथमिक विद्यालय सरायचावट, उच्च प्राथमिक विद्यालय नगरा प्राथमिक विद्यालय नगरा नंबर एक में स्मार्ट क्लास बनाएं जाएंगे। इसके अतिरिक्त 37.08 लाख से नगर पंचायत क्षेत्र के चार विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।