रसड़ा क्षेत्र के गढिया रेलवे क्रासिंग के समीप अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी बाेलेरो।संवाद
- फोटो : samvad
रसड़ा (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग के समीप शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे ठेले को टक्कर मारते हुए जनरल स्टोर की दुकान में घुस गई।
बलिया की ओर से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई। सबसे पहले उसने गढ़िया निवासी पंकज गुप्ता के चाट के ठेले को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वाहन सीधे गढ़िया निवासी रविन्द्र गुप्ता के जनरल स्टोर में घुस गया। टक्कर से ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दुकान में रखा कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य सामान भी टूट-फूट गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है तथा हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद