बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड कसबा स्थित मधुबन ढाले के पास किए गए अपहरण के मामले का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा किया। अपहरण की घटना मनगढ़ंत थी। युवती ने भांजी के साथ मिलकर कहानी बताई थी। दरअसल युवती प्रेमी के साथ शादी करना चाहती थी।
एएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बिल्थरारोड नगर पंचायत कार्यालय के निकट सोमवार को उभांव थाना क्षेत्र की युवती का बोलेरो से अपहरण का मामला मनगढ़ंत है। युवती भांजी के साथ मिलकर अपहरण की मनगढ़ंत कहानी बनाई और खुद ही गायब हो गई। उसने परिजनों से गलत कहानी बताने को कहा था। उनकी मंशा पुलिस और परिजनों को गुमराह कर प्रेमी से शादी करने की थी। लेकिन अपने को फंसता देख युवक और युवती दोनों मऊ कोतवाली में पहुंचे तथा घटना से अवगत कराते हुए आत्मसमर्पण कर दिए। मऊ पुलिस ने इसकी जानकारी बलिया पुलिस को दी। जिले के उभांव थाने की पुलिस मऊ पहुंच आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही युवती को बरामद कर लिया।