बलिया (ब्यूरो)। सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर से बक्सर जाते समय टेंपो पलटने से 15 सवार घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सदर पहुंचाया गया। जिसमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के एक दर्जन से अधिक मजदूर गोवा में निजी मजदूरी का कार्य करते हैं। सभी गांव से ही एक टेंपो को रिजर्व कर बक्सर के लिए सुबह में निकले थे। टेंपो अभी भीखमपुर के पास पहुंचा ही था कि इसी बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें उसमें सवार स्वामीनाथ (40), बब्लू(19), धर्मेंद्र (20), मनीष (20), राजकुमार (35), वीरेंद्र (35), उपेंद्र (18), कृष्णा (18), किसुन (25), योगेंद्र (30), राधेश्याम (16), टुनटुन (20), विनोद (35), सरल (37) एवं हेमराज साहनी (22) गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने उसी टेंपो से सदर अस्पताल लाए। जहां से एक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। टेंपो को पुलिस कब्जे में ले लिया है।