बलिया/सुरेमनपुर। जिला अस्पताल और सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को दो साइकिल चोर रंगे हाथ पकड़ लिए गए। लोगों ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी। चोरों के पास से चाभी का गुच्छा भी बरामद हुआ। लोगों ने चोरों को पीटने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
बलिया जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष के सामने खड़ी साइकिल का ताला खोलते वक्त एक चोर को लोगों ने धर दबोचा। उसकी जमकर धुनाई की और उसे पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए चोर के पास से चाभी का एक गुच्छा भी बरामद किया गया। पुलिस ने चोर को ओक्डेनगंज पुलिस चौकी पर लाने के बाद यह कहकर छोड़ दिया कि जनता ने उसकी पहले ही काफी पिटाई कर दी है। पकड़ा गया युवक विपिन यादव सुरेमनपुर का रहने वाला है।
दूसरी घटना सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई। मंगलवार की देर शाम सुरेमनपुर स्थित रेलवे स्टेशन मालगोदाम के सामने गोपाल नगर निवासी दिनेश यादव अपनी साइकिल खड़ी कर अपना काम करने लगे। इसी बीच वहां पहुंचे बिहार के आरा जिले के जगदीशपुर थाना अंतर्गत कोइलारी टोला के जय प्रकाश गिरि साइकिल लेकर भागने लगा। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उसे साइकिल के साथ धर दबोचा। इसके बाद उसकी पिटाई की, फिर सुरेमनपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। रेलवे कर्मचारी राजाराम यादव का बेटा बृजेश भी सूचना पर पुलिस चौकी पर पहुंचा और युवक को पहचानते हुए अपनी साइकिल चोरी करने का आरोप लगाया। दिनेश ने बताया किया 15 दिन पहले यही युवक समोसा लाने के बहाने साइकिल चुराकर भाग गया था। इस संबंध में थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि गिरफ्तार साइकिल चोर को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।