बलिया। पूर्व छात्र नेता और जिला पंचायत सदस्य के ऊपर जानलेवा हमले के दो आरोपी पुलिस प्रशासन के दबाव के चलते सोमवार को सीजेएम कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिए। आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई की तिथि नौ अगस्त को नियत की गई है। मामले के विवेचक से कोर्ट ने केश डायरी जमानत के वक्त उपलब्ध कराने को कहा है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी मुकदमा पूर्व छात्र नेता एवं जिला पंचायत सदस्य राणा प्रताप यादव उर्फ दाढ़ी ने शहर कोतवाली में तहरीर दी थी। जिसमें कहा गया है कि बीते 24 जुलाई 2012 को मैं प्रवेश फार्म जमा करने के लिए टीडी कालेज परिसर स्थित काउंटर पर पहुुंचा तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोग मेरे ऊपर जानलेवा हमला बोल दिए। साथ ही मेरे साथ मौजूद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि प्रभुनाथ यादव और छात्र नेता बब्लू यादव को मारपीट कर घायल कर दिए। बचाव करने गया तो मुझे भी मारे-पीटे साथ ही मेरी सोने की चेन छीन ली। इस मामले में कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। दो आरोपी सुफियान और कमल पांडेय पुत्र मनोज पांडेय ने पुलिस के दबाव के चलते कोर्ट में आत्म समर्पण कर दिया। सोमवार को सीजेएम ने आरोपियों की जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के लिए नौ अगस्त की तारीख नियत की है। जबकि इस मामले के एक आरोपी शाजिद कमाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।