बिल्थरारोड। उभांव थाने के शाह कुंडैल में तेजन कुर्मी मुठभेड़ कांड की जांच कर रहे सीबीसीआईडी इंसपेक्टर विजय बहादुर सिंह ने बुधवार को गवाहों के दर्ज बयान का परीक्षण किया। सीबीसीआईडी ने शाह कुंडैल में एक महिला समेत चार लोगों से विस्तृत पूछताछ की।
11 जलाई 2005 को शुभम फिलिंग स्टेशन अखोप के मालिक विनय कुमार गोयल और मुनीब चंद्रभान शाहनी को बदमाशों ने गोली मारकर एक लाख 70 हजार लूट लिए और मौके से भाग निकले। जिसे पुलिस ने शाह कुंडैल ग्राम के खेत में मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया था। ग्रामीणों ने मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। तत्कालीन उपजिलाधिकरी सुरेंद्र दत्त सिंह ने मामले की स्थलीय जांच की तथा पुलिस मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए जांच रिपोर्ट सौंपी। प्रदेश शासन के निर्देश पर मामला सीबीसीआईडी शाखा कानपुर को सौंपा गया। सीबीसीआईडी ने मामले क जांच की। इंस्पेक्टर विनय शंकर वाजपेयी की तहरीर पर पुलिस ने पांच एसआई समेत 17 पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज किया था। विवेचक ने जसूराम राजभर, विनोद यादव, मैना देवी और अक्षय का बयान दर्ज किया।
इस दौरान गवाहों के बयान और स्थान की वीडियोग्राफी भी कराई। सीबीसीआईडी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा।