बलिया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से मंगलवार को अंशकालिक रसोईया कार्यकर्त्री कल्याण एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला इकाई की सैकड़ों रसोइयों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अंजू देवी के नेतृत्व में डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को एक पत्रक सौंपा गया। पत्रक में मध्याह्न भोजन रसोइयों की प्रत्येक वर्ष नियुक्ति की समाप्ति तथा दैनिक मजदूर की मजदूरी दिए जाने की मांग की है। रसोइयों ने मनरेगा मजदूर के बराबर भी मजदूरी न दिए जाने पर रोष जताया।
मंगलवार को विभिन्न समस्याओं से पीड़ित जिले के मध्याह्न भोजन रसोईया के पद पर कार्यरत सैकड़ों महिलाओं ने पूर्वाह्न 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गईं। रसोइयां पूरे दिन तेज धूप में बैठी रहीं इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक डीएम के माध्यम से भेजा। पत्रक में कहा गया है कि रसोइयों की नियुक्ति लंबे समय से की जा रही है। हर साल की नियुक्ति की प्रक्रिया को समाप्त किया जाए। साथ ही मानदेय का भुगतान निजी खाते में किया जाए।
आंगनबाड़ी, प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के समान रसोइयों को भी प्रति वर्ष ड्रेस और वर्दी दी जाए, मजदूरी बढ़ाई जाए, शिक्षामित्र और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तरह रसोइयों को भी प्रत्येक वर्ष छुट्टियां दी जाएं और पिछले साल निकाली गई रसोइयों को भी बहाल किया जाए। रसोइयों का कहना है कि प्रतिदिन पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा व लगन के साथ काम करने के बाद भी उन्हें काम से निकाल दिया जाता है।