बांसडीहरोड। स्थानीय थाना क्षेत्र के पीपरपांती गांव में दो पक्षों में दीवार खड़ी करने को लेकर सोमवार को जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर ईंट पत्थर चलाया। जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग चोटहिल हो गए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। एक पक्ष पर एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा पंजीकृत हुआ।
थाना क्षेत्र के पीपरपांती गांव में दीवार जोड़ने के विवाद में दो पक्षों में सोमवार को कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे से एकदूसरे पर हमला बोल दिया। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने से सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव कराया और घायलों को अस्पताल ले गए। इसमें एक पक्ष के जगत ओझा (45) शिवबिहारी ओझा (38), रोहित (15), शंकर (17) और दूसरे पक्ष के छोटेलाल (45), आलोरी देवी (40) और चंदन (20) घायल हो गए। दोनों पक्षों ने मुकामी थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें दलितों की तहरीर पर एक पक्ष पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ। मारपीट की घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। मौके पर पहुंचे सीओ आरडी चौरसिया ने थाने पर पीड़ितों के साथ बातचीत की।