बलिया। नगर के कुंवर सिंह और टीडी कालेज में मंगलवार को प्रत्याशियों के नाम वापसी का दिन था। टीडी कालेज में अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों ने नाम वापस किया। कुंवर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक भी प्रत्याशियों ने नाम वापस नहीं किया।
टीडी कालेज और कुंवर सिंह महाविद्यालय में रविवार को नामांकन हुआ था। कुंवर सिंह पीजी कालेज में छात्रसंघ के अध्यक्ष पद के लिए पांच, उपाध्यक्ष के लिए दो, महामंत्री के लिए तीन, पुस्तकालय मंत्री के लिए तीन, जबकि कला संकाय के लिए एक ने नामांकन किया था। वहीं टीडी कालेज में अध्यक्ष पद के लिए 10, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, महामंत्री के छह, पुस्तकालय मंत्री के लिए दो, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि के लिए चार, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के लिए दो, कृषि संकाय प्रतिनिधि के लिए दो, शिक्षा संकाय प्रतिनिधि के लिए दो और कला संकाय के लिए दो छात्रनेताओं ने नामांकन किया था।
मंगलवार को नाम वापसी का दिन था। कुंवर सिंह कालेज में किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। जबकि टीडी कालेज में अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशियों में से दो प्रत्याशी बीए भाग प्रथम के चंदन चौधरी और बीए भाग प्रथम के ही चंदन यादव ने नामांकन वापस ले लिया। चुनाव अधिकारी डा. रामनरेश यादव ने चुनाव की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए नाम वापस लेने वाले प्रत्याशियों की फोटोग्राफी कराई गई। चुनाव अधिकारी ने नाम वापस लेने वाले प्रत्याशियों का मूल प्रमाण पत्र और फीस रसीद वापस कर दिया। नाम वापसी के दौरान टीडी कालेज में गहमागहमी देखी गई। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। उधर कुंवर सिंह पीजी कालेज के चुनाव अधिकारी डा. अजय बिहारी पाठक ने बताया कि किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है।