बलिया। बिहार सीमा से लगे बघौना गांव में एसओजी टीम और नरहीं पुलिस ने सोमवार की रात छापेमारी कर असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। टीम ने पांच हजार के ईनामी सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से 30 हजार रुपये, तीन मोबाइल, रिवाल्वर, तीन तमंचे, तमंचा बनाने के उपकरण, कई अर्द्धनिर्मित असलहे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया गया है। बदमाश असलहों को बिहार और पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों में बेचते भी थे।
पुलिस के अनुसार नरहीं थाने के बघौना गांव स्थित भरत राम के घर छापेमारी की गई। इस दौरान असलहा बनाने की फैक्टरी पाई गई। पुलिस टीम ने पांच हजार के ईनामी बदमाश बांसडीह थाना क्षेत्र के बिगही निवासी बेचू राम, बैरिया थाना क्षेत्र के शोभाछपरा निवासी पिंटू कुमार सिंह और नरहीं थाना क्षेत्र के बघौना निवासी भरत राम को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस टीम ने भारी मात्रा में कारतूस, असलहा, अर्द्धनिर्मित असलहा तथा उसे बनाने के उपकरण के साथ ही तीन चोरी की बाइक बरामद की।
बैरिया सर्किल में गत दिनों हुई लूट की कई घटनाओं के बाद जिले की पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी थी। इसके चलते विभिन्न गुटों के अपराधियों ने इन दिनों भरत राम के घर को ही ठिकाना बनाया था। यहीं से ये आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने बताया कि भविष्य में उनकी योजना नरहीं थाना क्षेत्र में एक हत्या, दो लूट, सहतवार थाना क्षेत्र के में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के साथ लूट, बैरिया क्षेत्र में तीन हत्या करने की थी। पुलिस की माने तो असलहा फैक्ट्री में बनकर तैयार होने वाले असलहे पूर्वांचल के कई जिलों के साथ बिहार में भी भेजे जाते हैं। लूट करने के पीछे उद्देश्य जेल में बंद साथियों को छुड़ाना था। गिरफ्तार बदमाशों आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में चालान कर दिया गया।