नरहीं। थाना क्षेत्र के राजेश्वर मोड़ पर शनिवार की शाम कार का टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर चबूतरे पर बैठे एक युवक से जा टकराई जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-31 स्थित राजेश्वर मोड़ पर ठोकर बनाने तथा पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। बाद में मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी एवं सीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
कैथवली ग्रामसभा के खरपुरवा निवासी उमाशंकर बिंद शनिवार की शाम कहीं जाने के राजेश्वर मोड़ स्थित चबूतरे पर खड़ा था। इसी बीच बलिया से बक्सर जा रही इंडिगो कार का टायर भ्रष्ट हो गया। इससे तेज गति से जा रही इंडिगो अनियंत्रित हो पास के चबूतरे के पास खड़े युवक को जोरदार टक्कर मारती हुई आगे निकल गई। इस हादसे में मौके पर ही युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय भेज दिया एवं कार को कब्जे में ले लिया। उधर घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बलिया-बक्सर मार्ग पर जाम लगा दिया।
इस दौरान गांववालों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता सहित घटनास्थल पर ठोकर बनाने की मांग की। जाम की सूचना पर उपजिलाधिकारी बीएल मौर्य के साथ ही सीओ सदर पीयूष कुमार मौके पर पहुंच गए एवं ग्रामीणों को ठोकर बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इस दौरान जाम के चलते यात्रियों को काफी परेशानी हुई।