बलिया। उप्र सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में जिलाधिकारी यशवंत राव से मुलाकात की। डीएम से आपूर्ति विभाग को दुरुस्त कर गरीब जनता को न्याय दिलाने को कहा। अन्य बिंदुओं पर भी बातचीत की। सरकार की मंशा के अनुरूप जो भी अधिकारी और कर्मचारी कार्य नहीं करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
राजा भैया ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि आपूर्ति विभाग को निष्पक्षता से कार्डों की जांचकर पात्रों को न्याय देने का काम करना चाहिए। जनपद में राशन कार्ड बनाने और आपूर्ति में हीलाहवाली के बारे पूछे जाने पर कहा कि प्रदेश स्तर पर टीम गठित कर गड़बड़ी जांच कराई जाएगी। इस दौरान जांच में जो भी अधिकारी और कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सरकार गरीबों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर लाभान्वित करने का काम कर रही है।