रसड़ा। कोतवाली थाना क्षेत्र के रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग पर स्थित बाढूबांध चट्टी के सामने शनिवार को कोप के ग्रामीणों ने एक महिला की समस्याओं के समर्थन में चक्काजाम किया। महिला ने पति के हत्यारों की गिरफ्तारी, भतीजी की बरामदगी, राशन, पेंशन आदि मांगों को उठाया। मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर लोग माने। दो घंटे तक जाम के चलते आवागमन बाधित रहा।
कोप गांव निवासी अलाउद्दीन (40) पुत्र गुलाम मुहम्मद गांव के ही समीप स्थित गुड्डू सिंह के भट्ठे से कार्य कर घर लौट रहा था। इसी बीच थाना क्षेत्र के नगहर गांव के पुलिया के समीप 23 नवंबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी फातिमा खातून ने अगले दिन कोतवाली में तहरीर दी कि पति की हत्या हुई है। गांव में कुछ लोगाें से रंजिश है। मांग किया था कि प्रकरण की जांचकर दोषियाें को गिरफ्तार किया जाए और मुआवजा दिया जाय। उसकी अन्य मांगों में भतीजी गुलशन खातून की बरामदगी, राशन कार्ड बहाल कर अनाज देने, सास और ससुर को पेंशन, जेठ को शिक्षामित्र पद पर नौकरी आदि है। मौके पर हसीना परवीन, जैदुननिशा, बीबन, नूरूनिशा, मंजूर आलम, अमुरूल्लाह, शमशाद, जलाउद्दीन, मकबूल, फैजुल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इस बाबत कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।