रसड़ा। सोनाईडीह अग्निकांड में मृतकों के परिवार को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। जबकि प्रशासन ने मौके पर जाकर आश्वासन दिया था। इसे लेकर हादसे में मृतक अंकुर सिंह का भाई अनुज सिंह शुक्रवार को अन्य लोगों के साथ बेमियादी अनशन पर बैठ गया है। उसने मृतक परिवार को 10 लाख मुआवजा और झुलसे लोगों को दो-दो लाख रुपये देने की मांग की है। साथ ही घटना की सीबीआई जांच की भी मांग की है। उसने एसडीएम अनिल कुमार मिश्र को चार सूत्री पत्रक भी सौंपा।
अनुज ने मांग किया कि अगिभनकांड की घटना की सीबीआई जांच कराई जाए। लापरवाह पुलिसकर्मियाें पर जांच कर कार्रवाई हो। साथ ही इंडियल आयल पेट्रोल पंप चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। इंडियन आयल कंपनी से मुआवजा दिलाई जाए। प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक परिवार को 10-10 लाख तथा झुलसे व्यक्तियाें को दो-दो लाख आर्थिक सहायता दी जाय। चेताया कि अगर मांगों को पूर्ण नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज करने को बाध्य होंगे। समर्थन में पहुंचे भाजपा के नगर अध्यक्ष संदीप सोनी ने कहा कि अनशनकारी की सभी मांगें जायज हैं। इस मौके पर मृतक अंकुर सिंह शेरू के पिता तेज बहादुर सिंह, सोनाईडीह गांव की पीड़ित सुभावती, विमली, मांती, सुरसती, मुन्नी, लोकनायक राजभर, मथुरा पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष अनोद कुमार यादव, अनुराग गुप्ता, सुनिल कुमार साहू, राहुल तिवारी, मनीष सिंह, संजय आदि रहे।