बलिया। नगर के मिड्ढी मुहल्ले की धूमबाबा की गली में एक मकान में गुरुवार की रात चोरों ने हजारों रुपये और आभूषण सहित करीब तीन लाख का सामान गायब कर दिया। चोर गुल्लक तक को तोड़कर रुपये ले गए। चोरी के समय घर में कोई नहीं था। रात में जब घर के लोग लौटकर आए तो इसकी जानकारी हुई और सूचना पुलिस को दी। चोरी की घटना रात नौ से दस बजे के बीच की है।
धूमबाबा की गली में मोहन चौरसिया का मकान है। घर के सभी सदस्य गुरुवार की शाम ददरी मेला देखने चले गए। मौका पाकर रात में चोर मकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने घर में रखे 40 हजार रुपये, चांदी के 20 सिक्के, तीन सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, नथिया, बाली, हार सहित करीब तीन लाख के कीमती सामान ले गए। जब मेले से लौटकर परिवार के सभी घर आए और दरवाजा खोलने लगे तो दरवाजा अंदर से बंद था। घरवाले ने दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो घर में रखे सभी सामान बिखरे थे। तभी किसी की नजर मकान के पीछे टूटे दरवाजे पर गई। देखा कि वहां आभूषण के डिब्बे सहित अन्य सामान बिखरे पड़े हैं। घटना की सूचना उसने रात में ही पुलिस को दी। पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन में जुट गई। घटना की तहरीर पीड़ित ने पुलिस को सौंप दी है। उधर, घटना की जानकारी होने पर चौरसिया समाज के जिलाध्यक्ष शंभू चौरसिया ने घटना की तीखी निंदा की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।