बलिया। जिले के सभी विकास खंडों के सोशल आडिट कोआर्डिनेटर संघ के सदस्यों ने जिलाधिकारी से मिलकर 14 माह से बकाए मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी विकास खंडों में कराए गए विकास कार्यों का सत्यापन एवं सोशल आडिट उनके द्वारा किया जाता है। लेकिन शासन-प्रशासन की उदासीनता के चलते 14 माह से उनका मानदेय नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में कार्य करने में भी उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम को दिए गए पत्र में आरोप लगाया है कि जिला सोशल आडिट कोआर्डिनेटर का मानदेय 14 माह से बकाया है। जिसका सारा पैसा जिला विकास अधिकारी के खाते में सोशल आडिट निदेशालय लखनऊ से भेज दिया गया है। मानदेय की पत्रावली जिला विकास अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के पास से अनुमोदन प्राप्त हो चुका है। जिसका अंतिम अनुमोदन आप द्वारा किया जाना है लेकिन बिना किसी कारण के उस पत्रावली को वापस कर दिया गया। जिससे कोआर्डिनेटर का मानदेय भुगतान आज तक नहीं किया जा सका। उन्होंने जिलाधिकारी से यथाशीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की है। इस मौके पर पूनम, इसरावती देवी, नीमा यादव, प्रेमलता, संतोष कुमार राय, सुरेंद्र, वीरेंद्र वर्मा, कांति देवी, दिवाकर, सुनीता यादव, पूनम यादव आदि उपस्थित रहे।