हल्दी। क्षेत्र के चैनछपरा गांव में एक स्थान पर धरती पिछले काफी दिनों से काफी गरम है। वहां से तेल युक्त पदार्थ निकल रहा है। गुरुवार को बारिश के बाद वहां पहुंचे सैकड़ों लोग यह देख दंग रह गए। तैलीय पदार्थ निकलने से तेल का भंडार एवं गंधक के होने की संभावना जताई जा रही है। घटना पूरे जिले में कौतूहल का विषय बनी हुई है।
विकास खंड बेलहरी के ग्राम सभा बजरहां अंतर्गत चैनछपरा गांव के सुदेश गुप्ता के दरवाजे के समीप लगभग चार फीट चौड़ी एवं नौ फीट लंबी जमीन एक पखवारे से धधक रही है। उस जमीन के टुकड़े पर नंगे पांव दो मिनट खड़ा रह पाना काफी मुश्किल है। गुरुवार की दोपहर में हुई बारिश के बाद जमीन के अंदर से तैलीय पदार्थ निकलने लगा। इसकी सूचना गांव के पूर्व प्रधान ने जिलाधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव को दे दी। सूचना के बाद प्रशासन ने खनन एवं पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी। इस बाबत पूछे जाने पर सतीश चंद कालेज के भूगोल विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर संजीव कुमार चौबे ने कहा कि मैंने उस जमीन का निरीक्षण किया है। तेल युक्त मिट्टी एवं बाढ़ के दौरान पानी में तेल के मिले होने से ऐसा लग रहा है कि जमीन के अंदर कोई तैलीय पदार्थ हो। हालांकि इसके बारे में स्पष्ट रूप से भूगर्भ विज्ञानी एवं ओएनजीसी के जानकार ही कुछ
जानकारी दे सकेंगे।