लालगंज। जिलाधिकारी एवं सीडीओ ने संयुक्त रूप से प्राथमिक विद्यालय भुसौला के परिसर में गुरुवार को क्षेत्रीय लोगों की चौपाल लगाई। इस दौरान सीडीओ ने प्रधानाध्यापक श्रीनाथ मौर्य से पूछा कि विद्यालय में कितनी किताबों की खपत है। वह इसका सही जवाब नहीं दे सके। किताबों के नाम पूछे जाने पर भी वह नहीं बता पाए। जिस पर सीडीओ आग-बबूला हो प्रधानाध्यापक को डांट पिलाई।
कहा जब प्रधानाध्यापक को किताब की जानकारी नहीं है, तो बच्चों को जानकारी कहां से मिलेगी। इसके बाद एबीएसए से प्रधानाध्यापक के विषय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख करने को कहा कि प्रधानाध्यापक को काम तक की जानकारी नहीं है। वहीं इस दौरान सीडीओ हीरालाल ने विद्यालय परिसर में गंदगी देख प्रधानाध्यापक को जमकर फटकार लगाई। जिलाधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम विकास अधिकारी मनोज कुमार गुप्त को हर महीने बैठक कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा चौपाल में एडीओ पंचायत संजय सिंह के उपस्थित न रहने पर नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी को एडीओ पंचायत संजय सिंह के विषय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।