बैरिया। उपजिलाधिकारी व तहसीलदार बैरिया के स्थानांतरण की मांग को लेकर तहसील बार एसोसिएशन का चल रहा क्रमिक अनशन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अधिवक्ता मांग पूरी न होने तक आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं है।
तहसील बार एसोसिएशन बैरिया के अध्यक्ष रुद्रदेव कुंवर ने कहा उपजिलाधिकारी व तहसीलदार का स्थानांतरण समय रहते नहीं हुआ तो जिले के समस्त अधिवक्ता मतदान का बहिष्कार करेंगे। कहा कि अधिवक्ताओं को दरकिनार कर मनमाने तरीके से वादकारियों का फैसला सही हो ही नहीं सकता है। वरिष्ठ अधिवक्ता देवेंद्र मिश्र ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय भी कह चुका है कि अधिवक्ता न्यायालय के अभिन्न अंग हैं, ऐसे में एसडीएम द्वारा अधिवक्ताओं से सम्मानजनक तरीके से पेश न आना निंदनीय है, इसे अधिवक्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे हम अपनी सम्मान की लड़ाई लड़ते रहेंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता शिवजी सिंह ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे अधिकारियों की भाषा मर्यादित होनी चाहिए, लेकिन उपजिलाधिकारी व तहसीलदार की भाषा निंदनीय है। अधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि तहसील में किसी एसडीएम ने इस तरह का कार्य नहीं किया। इस मौके पर रामलाल सिंह, मदन लाल वर्मा, अरुण कुमार श्रीवास्तव, ब्रजेश कुमार सिंह, गौरीशंकर पांडेय, देवेंद्र पांडेय, राजकुमार तिवारी, रमेश सिंह, प्रदीप यादव आदि रहे।
..............
अधिवक्ताओं को बातचीत करने के लिए कई बार बुलावा भेज चुका हूं, लेकिन अधिवक्ता बातचीत करने को तैयार ही नहीं हैं। कहा कि हमारा प्रयास है कि अधिवक्ता आंदोलन का रास्ता छोड़कर बातचीत करें और न्यायिक कार्य का हिस्सा बनें ताकि वादकारियों के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जा जाय। - विपिन कुमार जैन, उपजिलाधिकारी, बैरिया