बलिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीतम कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को उनके आवास पर कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए गठित कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए विचार विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए सीएमओ ने लोगों से कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की मुखबिर बनें और विभागीय स्तर पर सम्मान एवं पारितोषिक प्राप्त करें।
कहा कि लिंग परीक्षण करने वाले अल्ट्रासाउंड सेंटरों की सूचना देने वाले मुखबिर को सम्मानित करते हुए पारितोषिक दिया जाएगा। इसके साथ ही मुखबिर की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी। नोडल अधिकारी डॉ. जीपी चौधरी के नेतृत्व में अल्ट्रासाउंड सेंटरों की निरीक्षण के लिए टीम ने सहमति जताई। लिंग परीक्षण के खेल में जो अल्ट्रासाउंड सेंटर पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डॉ. विनोद कुमार सिंह, सुरेश पाठक, डॉ. सिद्धार्थ मणि दुबे, बृजेश कुमार, डा. केशव प्रसाद, दीपक पांडेय आदि मौजूद रहे।