बलिया। विकास खंड हनुमानगंज क्षेत्र के धर्मपुरा-मिड्ढा मार्ग गड्ढ़े में तब्दील हो गया है। जिस पर चलना काफी मुश्किल हो गया है। इस मार्ग पर आए दिन राहगीर व छात्र-छात्राएं गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
विकास खंड हनुमानगंज क्षेत्र के धर्मपुरा-मिड्ढा मार्ग करीब दो वर्ष से गड्ढे में तब्दील हो गया है। जबकि इस मार्ग का निर्माण दो वर्ष पूर्व ही हुआ था। लेकिन जिला प्रशासन व संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण मार्ग ठीक ढंग से निर्माण नहीं किया गया था। जो कुछ माह बाद ही उखड़ गया था। लेकिन अब वह पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो गया है। जिस पर वाहन से चलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से धर्मपुरा, गुरवा गांव के लोग मिड्ढा बाजार तथा जिला मुख्यालय जाते है। वहीं छात्र-छात्राएं मिड्ढा एवं जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न कालेजों व स्कूलों में पैदल व साइकल से आते-जाते है। जो गिरकर आए दिन चुटहिल हो जाते है। क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए धर्मपुरा-मिड्ढा मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है।