बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम व पुलिस अधीक्षक ने सोमवार की देर शाम को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर लॉ एंड आर्डर की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र के असामाजिक तत्वों को पाबंद करें। साथ ही अच्छे लोगों का पूरा सम्मान करें। किसी क्षेत्र में कोई घटना होने पर जम्मेदारी तय होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि छोटी से छोटी घटना पर गंभीरता से उचित कार्रवाई की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही जिसकी मिलेगी उस पर बड़ी कार्रवाई तय है। जनपद में शांति, सौहार्द का वातावरण बनाने के लिए जरूरी है कि यहां की पुलिसिंग बेहतर बनी रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रह कर हर गतिविधियों पर नजर रखें। मामला कितना भी छोटा क्यों न हो, सख्ती से कार्रवाई हो। हर पीड़ित को न्याय मिले और अराजक या असामाजिक तत्व सलाखों के पीछे हों। डीएम ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस चेकिंग अभियान चलाया जाए। लाइसेंसी शस्त्रों को जमा कराने की कार्रवाई अभी से शुरू कर दें। कहा कि नगरीय क्षेत्र के 10 किमी के आसपास के गांव के ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया जाए जो चुनाव में असामाजिक गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। ऐसे लोगों को पाबंद कर दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी सीओ व थानाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए। कहा कि रात में गश्ती लगातार हो। क्षेत्र में जहां भी संवेदनशीलता दिखे वहां विशेष रूप से सक्रिय रहें। फायर सर्विस से जुड़े पुलिस अफसरों को भी जरूरी निर्देश दिया।