बलिया। जिले के करीब चार दर्जन गांव में दीयों की रोशनी से दीपावली का पर्व रोशन होगा। इन गांवों में 42 ट्रांसफार्मर फुंके पड़े हैं। ऐसे में ग्रामीण दीयों से अपने घरों को रोशन कर त्योहार का आनंद उठाएंगे। हालांकि विभाग का दावा है कि त्योहार को देखते हुए ट्रांसफार्मर लगाने का प्रयास किया जाएगा। एक्सईएन की ओर से त्योहार को लेकर कर्मचारियों को निर्देश भी जारी किया गया है।
दीपावली पर शासन से भले ही निर्बाध आपूर्ति की घोषणा की गई हो। लेकिन हकीकत इससे उलट है। जिले में शायद ही सभी गांवों को इसका लाभ मिल सकेगा। वर्तमान में अंधाधुंध कटौती के कारण खासकर ग्रामीण इलाकों के लोग परेशान हैं। दो दिन बाद दीपावली है। लेकिन इसको लेकर विभाग की ओर से कोई खास इंतजाम नहीं किया गया है। आलम यह है कि निर्देश के बावजूद तय समय सीमा में विभाग ट्रांसफार्मर तक नहीं बदल पा रहा है। त्योहार की तैयारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अलग-अलग इलाकों के कुल 42 ट्रांसफार्मर जले हुए हैं जो कि वर्कशॉप में मरम्मत के लिए रखे गए हैं। ऐसे में ग्रामीणो के पास परंपरागत रोशनी के अलावा कोई विकल्प नहीं है। लिहाजा दीयों की रोशनी में ग्रामीण दीपावली का पर्व जोशो खरोश से मनाएंगे।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन हरिशंकर की मानें तो दीपावली तक सभी जगह ट्रांसफार्मर लगाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि अगर किन्हीं कारणों से ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा सके तो नजदीकी अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से आपूर्ति कराई जाएगी।