रेवती/ बेल्थरारोड/ बैरिया। जिले में चौबीस घंटे में सात महिलाओं की चोटी कटने की खबर है। सभी पीड़ितों का इलाज कराया गया।
नवका गांव निवासी नगर के वार्ड नं. 6 में मठिया,बाजार के पास स्थित भाड़े के मकान में रह रहे राजन ठाकुर की 11वर्षीय पुत्री शशि घर के अन्य सदस्यों के बीच बैठी रोटी पका रही थी कि अचानक उसकी चोटी के बाल कट कर गिर गये। इसी वार्ड के दुर्गा मंदिर मार्ग पर रमेश गोंड़ की 32 वर्षीय पत्नी कुसुम के बाल सोते समय कट गए। उधर इसी रात रखहां, नई बस्ती हलखोरवा चक में अशोक यादव की पत्नी अपने घर में दो बच्चों के साथ सोई थी।रात दो बजे उसकी चोटी कट गई। चौथी घटना में छतीसा नवका टोला निवासी हीरा विंद की पत्नी शांति 30 के बाल कट गये।
बेल्थरारोड संवाददाता के अनुसार उभाव थाना क्षेत्र की शाहपुर अफगा ग्राम में रविवार को अपराह्न सुनीता (33) पत्नी बृजेश बिंद घर में काम कर रही थी कि इस दौरान अचानक उसकी चोटी कट गई । उसकी तबीयत बिगड़ गई ।महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया।
बैरिया/ चितबड़ागांव संवाददाता के अनुसार शिवनटोला में शनिवार की देर रात किरण देवी की चोटी कट गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनबरसा में इलाज हुआ। चितबड़ागांव प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढ़वलिया में शनिवार की रात घर पर सो रही श्रीमती सीमा देवी (35 ) के बाल कट गए। उसका भी उपचार कराया गया।