बलिया। मंडलायुक्त आजमगढ़ मंडल के रवीन्द्र नायक ने जनपद के अधिकारियों को निर्देश दिये है कि किसान हितों को सर्वोपरि रखा जाय। कहा कि सभी अधिकारी आपस में तारतम्य व समन्यव बनाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को मुकम्मल अंजाम दे। के रवीन्द्र नायक गत दिवस विकास भवन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी दशा में क्षम्य नही होगी। उन्होंने कहा कि नहरों में पूरी क्षमता के साथ टेल तक पानी पहुंचाने के पर्याप्त इंतजाम किये जाय। लघु सिचाई का डिवीजन आफिस गाजीपुर में होने पर निर्देशित किया गया कि डिवीजन के अधिकारी सप्ताह में तीन दिन गाजीपुर व तीन दिन बलिया में कार्य करें। मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकारी बिना जिलाधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नही छोड़ेंगे।