बैरिया। क्षेत्र के सुरेमनपुर-बैरिया सड़क मार्ग सात माह बीतने के बाद भी नहीं बन सका है। यह वजह धन का अभाव होने से हुई है। नतीजतन आए दिन हो रहे सड़क हादसे में लोग घायल हो रहे हैं।
बैरिया-सुरेमनपुर सड़क मार्ग का शुभारम्भ जनवरी माह में हुआ था। बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सड़क निर्माण कार्य रोक दिया था। लेकिन तीसरे दिन निर्माण कार्य शुरू हो गया। जिससे सुरेमनपुर से रानीगंज बाजार के चौक तक सड़क का निर्माण किया गया। लेकिन चौक से बैरिया तक का निर्माण कार्य आज भी बाधित है। सिर्फ बीबीटोला में करीब 100 मीटर सड़क का निर्माण हुआ है। आलम यह है कि चौक से बैरिया तक सड़क मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बन गए है। जिससे अनियंत्रित होकर वाहन पलट जा रहे और लोग चोटिल हो रहे हैं। जितनी सड़क का निर्माण हुआ है, उस हिस्सों में अभी भी पटरियों व नाली के निर्माण के लिए एक ईट भी नहीं रखा गया है। जिससे दूकानदारों व ग्राहकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
रानीगंज बाजार के युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन गुप्ता, मुन्ना शर्मा, रियाज अंसारी, अनिल केशरी, राजू केशरी, आनंद केशरी, विद्या शंकर सराफ ने क्षतिग्रस्त मार्ग को तत्काल बनाने की मांग की है। इस बाबत लोनिवि के जेई अमित सिंह ने कहा कि अभी 40 फीसदी धन ही मिलाह है। 60 फीसदी के लिए डिमांड किया गया है, धन का भुगतान होते ही निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।