बलिया। बेरोजगारी दूर करने के लिए सेवायोजन कार्यालयों के जरिये सरकार बेरोजगारों को नौकरी दे रही है। एक साल में पंजीकृत बेरोजगारों के सापेक्ष महज 5.2 फीसदी को ही रोजगार दिलाया जा सका है।
जिला सेवायोजन कार्यालय के आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2013-14 में कुल पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या जहां 58 हजार 660 थी वहीं वर्तमान में यह संख्या कुल 70 हजार 411 है। इसमें 48 हजार 930 पुरुष और 21 हजार 481 महिलाएं हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी की मानें तो हर साल औसत छह-सात रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसमें 11 से 15 हजार तक बेरोजगार शामिल होते हैं और हर साल औसत 3400 बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया जाता है। वर्ष 2017-18 में कुल आठ बार रोजगार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें कई कंपनियों को बुलाया गया था। मेले में कुल 11 हजार 542 बेरोजगार शामिल हुए और कुल चार हजार 136 बेरोजगारों को रोजगार दिया गया। इसमें 392 महिला बेरोजगार भी थीं। अब तक के आंकड़ों पर गौर करें तो यह कहा जा सकता है कि बेरोजगारों को रोजगार देने के मामले में सेवायोजन विभाग अभी भी काफी पीछे है।
-------------
समय-समय पर रोजगार मेला का आयोजन किया जाता है और मेले में अधिक से अधिक कंपनियों को बुलाया जाता है। एक साल में आठ रोजगार मेला में चार हजार 136 बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराया गया है।
एके पांडेय, जिला सेवायोजन अधिकारी