जयप्रकाशनगर। जयप्रकाश नारायण के पैतृक गांव विकास खंड मुरली छपरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोड़हरा नौबरार (जयप्रकाशनगर) की महिला ग्राम प्रधान द्वारा शासन को अपने पंचायत को असुरक्षित देखते हुए इस संबंध में लिखे गए पत्र को प्रदेश के भूतत्व एवं खनिकर्म, आबकारी तथा मद्यनिषेध राज्य मंत्री अर्चना पांडेय ने गंभीरता से लेते हुए जयप्रकाश नारायण के गांव में प्रशासनिक ढांचा ठीक करने का निर्देश जारी किया है । ग्राम प्रधान रूबि सिंह ने विगत दिनों मंत्री को एक पत्र सौंपा था ।
उसमें गांव की सुरक्षा व्यवस्था व अवैध शराब आदि की सप्लाई से जुड़े मामलों से उन्हें अवगत कराया था । प्रधान ने अपने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया था कि बिहार से सटे इस इलाके में सुरक्षा के नाम पर जयप्रकाश नगर में एक पुलिस चौकी कायम है। जिसपर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने से यहां शराब, असलहा आदि सहित कई प्रतिबंधित सामान नदी मार्ग से आसानी से हमेशा यूपी-बिहार में आदान-प्रदान होते रहते हैं। काफी कम संख्या में जयप्रकाशनगर पुलिस चौकी पर पुलिस बल की तैनाती होने के चलते तस्कर हमेशा अपने कार्यों में सक्रिय रहते हैं। वहीं संदिग्ध लोगों की सक्रियता से आम जनमानस में भी भय का वातावरण है । उक्त पत्र को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने बलिया पुलिस अधीक्षक से कोकोड़रहा नौबरार पंचायत (जयप्रकाशनगर) गांव की कानून व्यवस्था को सशक्त बनाने को कहा है।