इब्राहिमपट्टी। सीयर विकासखंड के ग्राम सभा किड़िहरापुर में गांव के ही जैनेंद्र कुमार मोर्य ने कोटेदार छांगुर चौहान पर खाद्यान्न वितरण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है, कहा कि संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहां तक कि गांव के लोग इस मामले को लेकर दो बार चक्का जाम कर चुके हैं।
गांव के जैनेंद्र कुमार मौर्य ने कोटेदार के खिलाफ 4 जुलाई को तहसील दिवस में शिकायती पत्र दिया, जिसमें उल्लेख किया है कि कोटेदार द्वारा अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों का राशन वितरण की जगह कालाबाजारी के भेज चढ़ा दिया जाता है। जिसकी शिकायत पूर्व में 30 अक्टूबर 2016, 6 मार्च व 26 जून 2017 को की गई। जिस पर बेल्थरारोड द्वारा तीन दिन के अंदर निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। लेकिन आज तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। वही इस गांव में 272 कार्ड धारक हैं, जहां पर कोटेदार द्वारा पूरा राशन उठाया जाता है और मात्र 120 कार्ड धारकों को ही खाद्यान्न वितरण किया जाता है। खास बात है कि राशन वितरण के उपरांत उपभोग रजिस्टर को भी बिना किसी जिम्मेदार अधिकारी के प्रमाणित किए बिना ही राशन का उठान विभागीय मिली भगत से करा दिया जाता है। इससे आक्रोशित गांववासियों ने विगत वर्ष भीमपुरा-बरौली मार्ग को दो-दो बार चक्का जाम किए थे। इसके बाद भी आज तक संबंधित अधिकारी अपनी कुंभकर्णी निद्रा से जगने का नाम नहीं ले रहे हैं। गांव के बनवारी राम, लाल परिखा, विनोद, मनोज, गणेश, विनय शर्मा सहित सैकड़ों लोगों ने चेताया है कि अगर इस मामले का निस्तारण जल्द नहीं हुआ तो हम ग्रामवासी तहसील मुख्यालय पर आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे। पूर्ति अधिकारी श्याम नाथ ने बताया कि अभी मैं हाल ही में चार्ज लिया हूं, पूरा प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है। जल्द ही मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।