नगर के रोडवेज बस स्टेशन परिसर में सवारियों के इंतजार में खड़ी बस।संवाद
बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन शनिवार से शुरू कर दिया है। परीक्षार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 80 बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
सबसे अधिक गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर व कुशीनगर के लिए परीक्षार्थी बसों के बारे में जानकारी लेते रहे। परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसों के फेरे भी बढ़ाए जाने की योजना है। साथ ही पांच बसों को रिजर्व में रखा गया है।
परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने अपने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। वहीं, 24 घंटे डिपो व कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। रोडवेज की तरफ से बसों का संचालन 8, 9 व 10 जून तक किया जाएगा। इसके लिए लंबी दूरी तक जाने वाली बसों के फेरे में कटौती की गई है ताकि छात्रों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
निगम का कंट्रोल रूम स्थापित : परीक्षार्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए परिवहन निगम की तरफ से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिले के छात्र जाने के लिए बसों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। परिवहन निगम की तरफ से स्थापित कंट्रोल रूम का नंबर 8115464895 जारी किया गया है। इस नंबर पर बसों की जानकारी दी जा रही है।