गुजरात से ट्रेन से आने के बाद बैरिया स्थित क्वारंटीन सेंटर में जाते श्रमिक।
- फोटो : BALLIA
लॉकडाउन के दौरान गुजरात के अहमदाबाद में फंसे 57 लोगों को सरकारी बस से बेल्थरारोड लाया गया। इनमें पांच महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इन सभी को उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव और तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने डीएवी इंटर कॉलेज में क्वारन्टीन कराया।
इनमें से चार लोगों द्वारा 21 दिन का क्वारंटीन प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद उन्हें घर पर एकांतवास में रहने की सलाह देकर छोड़ दिया गया। शेष लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पर नोडल अधिकारी डॉ एलसी शर्मा ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। एसडीएम के निर्देश पर एडीओ पंचायत संजय सिंह के पर्यवेक्षण में ब्लॉक और राजस्व कर्मियों द्वारा क्वारंटीन किए गए लोगों के लिए जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई। इस दौरान एसडीएम ने डीएवी इंटर कॉलेज और नवजीवन इंग्लिश स्कूल स्थित क्वारन्टीन का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि डीएवी इंटर कॉलेज में 56 और नवजीवन इंग्लिश स्कूल में 72 लोगों को एकांतवास में रखा गया है, जिन्हें 14 दिन के एकांतवास के बाद स्वास्थ्य परीक्षण कर घर भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेंटर पर एक नोडल अधिकारी के साथ ही राजस्व कर्मियों की तैनाती की गई है, जो क्वारन्टीन किए गए लोगों की देखभाल कर रहे हैं।