बलिया। सोमवार शाम शहर के हैबतपुर स्थित काली मंदिर के समीप तेज रफ्तार कार ने एक महिला को रौंदते हुए दो युवकों को भी धक्का मारकर खड़े कार में टक्कर मार दिया। जिसमें एक फेफना थाना क्षेत्र की महिला निर्मला देवी पत्नी मनोज यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह बलिया से जीप स्टैंड पर जा रही थी। जबकि इसी घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार फेफना के तरफ से आ रही कार ने एक महिला निर्मला देवी पत्नी मनोज यादव को रौंदते हुए दो युवकों को धक्का मार कर एक खड़े कार में टक्कर मार दी। इसमें निर्मला देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फेफना थाना क्षेत्र के बघड़ा के मठिया निवासी प्रेम शंकर गिरी (30) एवं खेजुरी थाना क्षेत्र के पटपर निवासी अनुज प्रजापति (15) पुत्र स्व.बीरबहादुर घायल हो गए। दोनों घायलों को चंद्रशेखर नगर चौकी के सिपाहियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों युवकों का इलाज चल रहा है। प्रेम शंकर कारपेंटर है जो चित्तू पांडेय स्थित सब्जी मंडी के पास बन रहे नये कोर्ट में काम करने के लिए साइकिल से जा रहा था।