बैरिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रानीगंज बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर लाइसेंस चेक किया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ आए एक व्यक्ति के बाबत दुकानदारों ने कहा कि साहब आपके साथ घूमने वाला व्यक्ति लाइसेंस के लिए निर्धारित 100 रुपये की रसीद देता है और एक हजार की वसूली करता है। अवैध वसूली के मुद्दे पर दुकानदारों ने विरोध जताया और अधिकारी वहां से चले गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दुकानदारों से कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों के सामने डिस्प्ले में लाइसेंस दिखना चाहिए। कहा कि खुले में हल्दी और सरसों तेल की बिक्री पर प्रतिबंध है। जबकि हल्दी, बेसन आदि खाद्य सामग्री में मिलावट नहीं होनी चाहिए। दुकानदारों ने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित शुल्क की रसीद काटकर लाइसेंस जारी किया जाए। जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जनसेवा केंद्र से लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिस पर दुकानदारों ने कहा कि एक हजार रुपये लेकर आप लोग कैसे लाइसेंस बना देते हैं, सुनते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी झल्ला गए और कहा कि ऑनलाइन करने के बाद चार बार दौड़ना पड़ेगा, तब समझ में आएगा। अवैध वसूली को लेकर दुकानदारों और अधिकारी के बीच नोंकझोंक होते ही दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। यह देख खाद्य सुरक्षा अधिकारी धीरे से सरक लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपी तिवारी ने बताया कि जिस व्यक्ति पर दुकानदार अवैध वसूली का आरोप लगा रहे हैं, वह विभागीय कर्मी नहीं है। बाजार में आने पर वह रास्ते में मिल गया। विभाग की ओर से निर्धारित शुल्क जमा कराकर ही लाइसेंस जारी किए जाते हैं।