प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा तीन जनवरी से शीतकालीन अवकाश का ऐलान करने के बाद जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने भी बुधवार को स्कूलों में चार जनवरी से सात जनवरी तक के लिए शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया। इसके पहले जिलाधिकारी द्वारा एक जनवरी तक शीतकालीन अवकाश दिया गया था। लेकिन दो जनवरी से स्कूल खोलने का आदेश दिया गया। आदेश शिक्षक नेताओं नागवार लगा उन्होंने स्वयं तीन जनवरी से सामूहिक अवकाश की घोषणा कर दी। संघ के घोषणा के बाद जनपद के सभी विद्यालय बुधवार को बंद रहे।
जनपद में पड़ रहे हाड़ कपाऊ ठंड व गलन को देखते हुए उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ बलिया के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने तीन जनवरी से विद्यालय बंद करने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में बच्चों को टाट पट्टी पर बैठना पड़ता है। अधिकतर बच्चों के पास गरम वस्त्र का अभाव है। बावजूद इसके बच्चें कांपते हुए स्कूल आ रहे हैं। ऐसे में किसी प्रकार की अनहोनी पर संबंधित शिक्षक को ही गांव के लोग पहले पकड़ेंगे। कहा कि ठंड के मद्देनजर पड़ोसी जनपदों में जिला प्रशासन द्वारा 8वीं तक के बच्चों का अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन बलिया का जिला प्रशासन चुपी साधे हुए है। ऐसे में संघ को विवश होकर यह निर्णय लेना पड़ा है। इसके लिए अध्यक्ष जितेंद्र सिंह एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने शिक्षकों के साथ ही उप्र बेसिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मर्तीउर्रहमान आदि को एकजुटता व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शिक्षकों के एकजुटता को देखते शिक्षामित्र संगठन ने भी शीतकालीन अवकाश के लिए शिक्षक संघ का समर्थन किया है।
आंगनबाड़ी केंद्र समेत आठवीं तक के विद्यालय सात तक बंद
बलिया। जनपद में अत्यधिक ठंड व शीतलहर को देखते हुए कक्षा-एक से आठवीं तक के समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड द्वारा संचालित समस्त विद्यालय चार से सात जनवरी तक बंद रहेंगे। यह आदेश आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा। वहीं उक्त तिथि में प्रधानाध्यापक, अध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी समय से उपस्थित होकर विभागीय व शासकीय कार्यो को संपादित करेंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने दी।