बलिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने भ्रष्टाचार में लिप्त डीआईओएस कार्यालय के लिपिक पवन कुमार श्रीवास्तव को निलंबित करने का निर्देश डीआईओएस को दिया है। डीएम ने लिपिक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को भी कहा है। उधर, डीएम के निर्देश पर डीआईओएस अमर नाथ राय ने आरोपित लिपिक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ को पत्र भेजा है।
बताया जाता है कि माध्यमिक शिक्षा चयन बोर्ड से चयनित होकर दो अध्यापक जनपद में आए हैं। यहां कार्यभार ग्रहण कराने के नाम पर एक अध्यापक से 1.20 लाख और दूसरे से 80 हजार रुपये की मांग कार्यालय के वरिष्ठ सहायक पवन कुमार द्वारा की जा रही थी। इसकी शिकायत जब डीएम के पास पहुंची तो उन्होंने गोपनीय तरीके से जांच कराने के बाद डीआईओएस से भी जांच कराई तो शिकायत सही मिली। डीएम ने डीआईओएस को वरिष्ठ सहायक पवन कुमार को सस्पेंड करने के साथ ही इनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई प्रस्तावित करने को कहा। डीएम के निर्देश पर डीआईओएस ने संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ को पत्र भेज कर बताया कि वरिष्ठ लिपिक पवन कुमार श्रीवास्तव चयनित अभ्यर्थियों से नियुक्ति के नाम पर आर्थिक शोषण कर प्रताड़ित किया जाता है। पदोन्नति से संबंधित पत्रावलियों को लंबित रखने का आरोप है। वर्ष 2012 में कन्या विद्याधन में चेक वितरण में व्यापक अनियमितता की गई जिसकी जांच चल रही है और इनकी ओर से आवश्यक दस्तावेज विवेचना अधिकारी को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इन आरोपों को देखते हुए इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की जाती है।