रसड़ा कस्बा स्थित श्रीनाथ बाबा मठ परिसर के समीप एक निजी हॉल में आयोजित रोजगार मेला में युवाओं क
रसड़ा। सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सोमवार को श्रीनाथ जी मठ स्थित एक धर्मशाला में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। 687 युवाओं का विभिन्न कंपनियों ने चयन कर उन्हें जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए।
मेले में 30 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। करीब 1832 अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में अतुल ऑटो मोबाइल, फ्लिपकार्ट, टाटा मोटर्स, एलएंडटी, केल्विन पाइप, विशाल बेयरिंग, एमआरएफ टायर्स, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक समेत 30 कंपनियों ने अपने कैंप लगाए। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी कौशलेंद्र गिरि और विशिष्ट अतिथि आदर्श नगरपालिका परिषद रसड़ा के पूर्व अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सोनी ने युवाओं को रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवा अपनी रोजगार क्षमता बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रसड़ा रनवीर सिंह, खंड विकास अधिकारी शिवांकित वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रसड़ा सुरेश मौर्या, जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद सिंह, सहायक सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार आदि रहे।