बलिया। शहर के मिड्ढी मोहल्ले से करीब एक साल से लापता महिला के बैंक खाते से 6.68 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। महिला की मां उषा सिंह ने सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बेटी की हत्या की आशंका जताई है।
उन्होंने मोहम्मद राजा समेत पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर साजिश में शामिल होने का संदेह जताते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग की है।
गड़वार थाना क्षेत्र के साहपुर निवासी उषा सिंह के अनुसार उनकी 35 वर्षीय बेटी सपना सिंह की शादी सुखपुरा थाना क्षेत्र के आसन निवासी संतोष सिंह से हुई है। संतान नहीं होने के कारण सपना शहर के मिड्ढी मोहल्ले में किराये के कमरे में रहती थी।
आरोप है कि उसके पति का परिचित मोहम्मद राजा अक्सर उसके कमरे पर आता-जाता था और उसके बारे में जानकारी रखता था। 16 अगस्त 2025 को सपना दवा लेने मऊ गई थी। शाम को लौटकर उसने पति को फोन कर कमरे पर पहुंचने की जानकारी दी। अगले दिन फोन बंद मिलने पर संतोष मिड्ढी पहुंचे, लेकिन सपना वहां नहीं मिली। राजा का मोबाइल भी बंद था।
27 अगस्त को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मां का आरोप है कि 19 अगस्त के बाद सपना के बैंक खाते से अलग-अलग बार में कुल 6.68 लाख रुपये निकाले गए।
उन्होंने मोहम्मद राजा, शिवजी सिंह, सोनू सिंह, मोनू सिंह, पिंटू सिंह और अज्ञात लोगों पर बेटी की हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल प्रवीण सिंह ने कहा कि पूर्व में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज है। न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद