बलिया। जिला कारागार आजमगढ़ से कुल 65 बंदियों को शनिवार को बलिया जिला जेल भेजा गया है। इसमें से 30 सजायाफ्ता तथा 35 विचाराधीन बंदी शामिल हैं। इसकी सूचना शासन प्रशासन के साथ ही जेल के उच्चाधिकारियों को दी गई है।
बता दें कि जिला कारागार बलिया में बरसात का पानी लगने के कारण निरूद्घ 939 कैदियों को गैर जनपद के जिला कारागार में स्थानांतरित किया गया था। जेल में जलजमाव के कारण बलिया जेल में बंदियों को रख पाना संभव नहीं था। बलिया के 70 फ़ीसदी बंदियों को आजमगढ़ तथा 30 फ़ीसदी बंदियों को अंबेडकरनगर जेल मैं सिफ्ट किया गया था। जिला जेल की साफ सफाई एवं मरम्मत होने के बाद बलिया कारागार में बंदियों को लाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। शनिवार को कुल 65 बंदी बलिया जेल में लाए गए हैं। इस संबंध में आजमगढ़ जेल अधीक्षक ने बलिया जेलर को पत्र लिखकर बंदियों को प्राप्त कर सूचना देने को कहा है। इसकी सूचना विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार लखनऊ, पुलिस महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार लखनऊ, उप महानिरीक्षक कारागार गोरखपुर, जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रेषित की गई है।