जिले में ग्राम पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान पांच विकास खंड मनियर, नवानगर, पंदह, बांसडीह तथा बेरूआरबारी में छिटपुट घटनाओं के साथ मंगलवार को संपन्न हुआ।
इस दौरान कुल 65.6 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। द्वितीय चरण के चुनाव में 238 प्रधान पद तथा 3062 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटिका में बंद हो गया। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर खामियां भी पाई गई। वहीं काफी मात्रा में पुलिस बल तैनात रही।
जिले में मनियर, नवानगर, पंदह, बांसडीह तथा बेरूआरबारी ब्लाक में द्वितीय चरण का ग्राम पंचायत चुनाव सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। प्रात: मतदान आरंभ होते ही सभी मतदान केंद्रों के बूथों पर मतदाता पहुंच कर कतार में लग गए। मतदान प्रात: सात बजे से आरंभ होकर सायं पांच बजे समाप्त हुआ।
मतदान के दौरान कई स्थानों पर स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। इस दौरान छिटपुट घटनाओं के बीच शाम तक कंट्रोल रूम के मुताबिक 65.6 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।
विकास खंड मनियर में 67 फीसदी, नवानगर में 64 फीसदी, पंदह में 69 फीसदी, बांसडीह में 63 फीसदी तथा बेरूआरबारी में 65 फीसदी मतदाताओं ने वोट किया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शरद कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने बूथों का निरीक्षण किया।