रेवती। कच्ची शराब बनान के खिलाफ पुलिस द्वारा बार बार दबिश और की जा रही कार्रवाई से आजिज आकर नगर के पासवान मुहल्ला के शराब निर्माताओं का समूह अजय शंकर पाण्डेय कनक व सुभाष पासवान के नेतृत्व में रविवार को थाना पहुंचा। शराब बनाने वालों ने कहा कि अब हम इस कारोबर से हमेशा के लिए अलग होना चाहते हैं। हम कभी भी कच्ची शराब नहीं बनाएंगे। अंग्रेजी शासन के समय से ही नगर रेवती तथा भाखर में महुआ द्वारा शराब बनाए जाने की परम्परा पर फिलहाल विराम लगता दिखता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी शराब बनना जारी रहा। इस बार स्वयं शराब बनाने वालों ने ही शराब नहीं बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि कच्ची शराब का निर्माण बन्द हो जाएगा जिससे शराबियों पर भी अंकुश लग सकता है।
शराब निर्माता भोला पासवान, राघव, राजकुमार, संजय, गामा, विमल, जनार्दन, परमहंस, जयनाथ, गोरी देवी, कमली, तारा देवी, माधो, केशव सहित 62 लोगों ने प्रभारी निरीक्षक को हस्ताक्षरित पत्र प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह को सौंपा। प्रभारी निरीक्षक ने शराब निर्माताओं को आश्वस्त किया कि पुलिस अब आपके यहां नहीं जाएगी लेकिन पुलिस सतर्क रहेगी। इस मौके पर एसआई सदानंद यादव, परमानन्द त्रिपाठी, सूर्यकान्त पाण्डेय, माया शंकर दूबे, कलयुगी पाण्डेय आदि रहे।