बलिया। भोजपुरी को विश्व प्रतिष्ठित करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता भिखारी ठाकुर की जयंती पर युवा चेतना के तत्वावधान में मंगलवार को नगर से सटे जलालपुर में मोहन सिंह के अध्यक्षता में जनसंवाद का आयोजन किया गया। उद्घाटन स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, मोहन सिंह, जिला पंचायत सदस्य अवधेश राय, अजय राय मुन्ना, रघुपति सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि भिखारी ठाकुर ने भोजपुरी के मान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। लोक संगीत, नृत्य, रामलीला के मध्यम से भिखारी ठाकुर ने जनसंवाद स्थापित किया। मुख्य अतिथि युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि आजीवन भिखारी ठाकुर ने भोजपुरी की अस्मिता की लड़ाई को लड़ी। कमजोर परिवार में जन्म लेकर भिखारी ठाकुर ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को धार दी। युवा इसी तरह से युवा चेतना पूरे देश में किसानों-मजदूरों-नौजवानों की लड़ाई को लड़ रही है। कहा कि बलिया क्रांतिकारियों की भूमि है। यहाँ से ऊर्जा अर्जित कर पूरे देश में सामाजिक क्रांति के अलख को जगाने का प्रयास किया जा रहा है। आम लोग जब तक नहीं जागेंगे तब तक भारत तरक़्क़ी नहीं करेगा। राजनीतिक पार्टियां जनता को ठग रही हैं। भिखारी ठाकुर को सच्ची श्रद्धांजली तब होगी जब भोजपुरी को 8वीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक भरत सिंह ने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी एवं युवा चेतना प्रमुख रोहित कुमार सिंह को अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया। जिला पंचायत सदस्य अवधेश राय, अजय राय मुन्ना, राजू बारी उर्फ विधायक, राकेश सिंह गामा, चंद्रप्रकाश सिंह कफ़्र्यू, सुनील पांडेय, नरोत्तम बाग़ी, लालबाबू राय आदि ने भी समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर प्रधान शमीम अंसारी, संजय गिरी, अनिल सिंह, विमला देवी, अजय पांडेय, पप्पू राय, मुन्ना सिंह, सुनील यादव आदि उपस्थित रहे। जनसंवाद का संचालन रघुपति सिंह ने किया।