बलिया/जयप्रकाशनगर। बैरिया पुलिस ने शुक्रवार की शाम अंतरप्रांतीय तीन चोरों को चोरी की पांच बाइक के साथ सुरेमनपुर डेरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन हाल में पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि बैरिया पुलिस ने अंतरप्रांतीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा किया है। पकड़े गए चोर बिहार प्रांत के छपरा जिले के मांझी थाना क्षेत्र के डोमाइलगंज नवका टोला निवासी प्रेम कुमार यादव पुत्र श्रीकृष्ण यादव तथा इसी थाने के रामपुर फुलवरिया निवासी रंजन साहनी पुत्र बच्चालाल साहनी है। जबकि एक अभियुक्त रेवती थाना क्षेत्र के गोपालनगर निवासी अजीत यादव पुत्र विजय यादव है। इस गैंग का मुख्य सरगना अजीत यादव है। यह गैंग के माध्यम से उप्र व बिहार के कई जनपदों में बाइक चोरी की घटना को अंजाम देते है। इन अभियुक्तों के विरुद्ध 29 मार्च 2018 को को मधुबनी गांव के व्यक्ति द्वारा बैरिया थाने में चोरी गई ग्लेमर बाइक का मुकदमा दर्ज करवाया गया था, जो बरामद हुई है। इनके पास से चोरी की पांच बाइक के साथ एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 15 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। गिरफ्तार करने वाली टीम में मुख्य रूप से बैरिया एसओ गगन राज सिंह, चौकी प्रभारी सुरेमनपुर प्रमोद कुमार सिंह, उप निरीक्षक रविंद्र नाथ पांडेय, संजय यादव, जयराम वर्मा, दिनेश यादव, संदीप यादव आदि मौजूद रहे।